आय से अधिक संपत्ति मामला: पूर्व मंत्री बंधु तिर्की को CBI ने किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Dec 12, 2018 - 12:46 PM (IST)

रांची: झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री और जेवीएम नेता बंधु तिर्की को सीबीआई की टीम ने रांची में गिरफ्तार कर लिया है। जेवीएम नेता को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया गया है। बंधु को गिरफ्तारी के बाद सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

सीबीआई कोर्ट ने 2013 में बंधु तिर्की पर आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा चलाने का आदेश दिया था। कोर्ट ने इस सिलसिले में सीबीआइ द्वारा दायर क्लोजर रिपोर्ट को अमान्य करार दिया था। अदालत ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए बंधु तिर्की को नोटिस भी जारी किया था।

सीबीआई दिल्ली की टीम ने बंधु तिर्की के मामले की जांच के बाद मई 2013 में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि जांच में तिर्की के पास आय से अधिक संपत्ति पाई गई है। मगर संपत्ति इतनी कम है कि सीबीआई इस मामले में उनके खिलाफ मुकदमा चलाने के पक्ष में नहीं है।

वहीं कोर्ट ने अपनी जांच में पाया था कि साल 2005-09 तक के समय में बंधु तिर्की की सभी वैध श्रोतों से आय 20 लाख रुपये थी। इस समय में उन्होंने 26.5 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित की। यह आमदनी से 30 प्रतिशत से भी अधिक थी। कोर्ट ने पाया कि अभियुक्त के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा चलाया जा सकता है।

prachi