झारखंड में बोले राजनाथ सिंह-महागठबंधन का सिर्फ एक ही मकसद है BJP को हटाना

punjabkesari.in Tuesday, Apr 23, 2019 - 05:06 PM (IST)

पलामू/चतरा: झारखंड में पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल मैदान में केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन पर जमकर निशाना भी साधा और वहीं अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। राजनाथ सिंह ने कहा कि महागठबंधन का सिर्फ एक ही मकसद है, किसी तरह से बीजेपी को हटाना, लेकिन विपक्ष के नेता कभी इस मकसद में कामयाब नहीं हो पाएंगे। गृहमंत्री ने जनता से बीजेपी प्रत्याशी बीडी राम को जिताने की अपील की।

वहीं चतरा जिले के इटखोरी के परोका बगीचा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह कहा कि आने वाले 3-4 साल के अंदर पूरे भारत से उग्रवाद का सफाया कर दिया जाएगा। मोदी सरकार ने उग्रवाद के विरुद्ध 5 साल के दौरान कई ठोस निर्णय लिए हैं। इसमें सफलता भी मिली है। कुछ क्षेत्रों में उग्रवाद बचा है उसे भी निकट समय में समाप्त कर देंगे। गृहमंत्री यहां बीजेपी के प्रत्याशी सुनील कुमार सिंह के पक्ष में चुनावी सभा करने आए थे।

इस दौरान राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर कांग्रेस ने भारत के पक्ष को अंतरराष्ट्रीय मंच पर कमजोर कर दिया था, लेकिन अब हालात बदल गए। आतंकवाद के मुद्दे पर पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी है। कांग्रेस के न्याय योजना पर कटाक्ष करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि पंडित नेहरू के समय से कांग्रेस गरीबी हटाओ का नारा लगाते आ रही है। अब राहुल गांधी भी यही नारा लगा रहे हैं।

prachi