रांची में बोले रामेश्वर उरांव- गांधी जी मंदिर नहीं जाते थे, मंदिरों में गंदगी रहती है भगवान नहीं

punjabkesari.in Thursday, Oct 03, 2019 - 11:09 AM (IST)

रांची: विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही झारखंड में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। जैसे जैसे चुनाव का समय नजदीक आ रहा है वैसे वैसे राजनीतिक पार्टियां अपने बयानों से एक दूसरे पर हमला का मौका नहीं छोड़ हैं। अब चाहे वो बापू की 150वीं जयंती हो। कुछ ऐसा ही देखने और सुनने को मिला जब कांग्रेस ने मोरहाबादी मैदान में गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया था,  इसी कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने कार्यक्रम में बीजेपी पर जमकर हमला बोला।

झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने महात्मा गांधी के बारे में बोलते हुए एक घटना के बारे में बोलते हुए कहा कि एक बार गांधी जी से पूछा गया कि आप रोज रघुपति राघव राजा राम गाते हैं, प्रार्थना करते हैं. लेकिन मंदिर नहीं जाते हैं, क्यों तो गांधी जी ने जवाब दिया था कि मंदिरों में भगवान नहीं रहते, क्योंकि वहां सफाई नहीं होती है। वहां कूड़ा कचरा रहता है। मंदिरों में गंदगी रहती है भगवान नहीं। इसलिए मैं वहां नहीं जाता हूं।

वही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी के प्रवक्ता ने कहा की कांग्रेस हिंदू धर्म और उसके धार्मिक स्थलों और देवी-देवताओं का अपमान करना बंद करें । 
उन्होंने गांधी जी को गलत तरीके से पेश करते हुए कहा है कि गांधी जी ने मंदिर में जाने से मना किया था। प्रतुल ने कहा कि यह कांग्रेसियों की अपनी सोच है और वह गलत बयानबाजी करके राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम का दुरुपयोग कर रहे है। प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव कांग्रेस के हिंदू धर्म के प्रति कुंठित सोच को उजागर कर रहे हैं।

प्रतुल ने कहा कि रामेश्वर उरांव का गांधी जी को इस तरीके से पेश करके यह कहना की मंदिर में भगवान नही सिर्फ गंदगी और कूड़ा कचरा रहता है बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। प्रतुल ने कहा कि इस शर्मनाक प्रकरण और हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने के लिए कांग्रेस को तुरंत माफी मांगनी चाहिए। साथ ही कहा कि ऐसे विवादास्पद बयान देकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष फिर से चुनावों से पूर्व तुष्टीकरण की राजनीति करना चाह रहे हैं। गलतबयानी कर महात्मा गांधी के नाम का दुरुपयोग करने के लिए और बहुसंख्यक समाज की भावनाओं को आहत करने के लिए कांग्रेसियों को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। 

 

Edited By

Jagdev Singh