रांची: हड़ताली आंगनबाड़ी सेविका सहायिका पर पुरूष पुलिसकर्मियों ने जमकर भांजी लाठियां

punjabkesari.in Tuesday, Sep 24, 2019 - 07:08 PM (IST)

रांची: आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ की महिलाओं ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर राजधानी रांची में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी सेविका सहायिकाओं पर पुरूष पुलिसकर्मियों ने जमकर लाठियां भांजी। महिलाएं जब राजभवन की ओर से मुख्यमंत्री आवास की ओर जा रही थी, इस दौरान मौके पर महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं। फिर वहां मौजूद पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को रोकने की कोशिश की।

इस दौरान जब महिलाएं नहीं मानी तो पुलिसकर्मियों ने महिलाओं पर लाठियां बरसा दी। हालांकि थोड़ी देर में ही मामला शांत हो गया। वहीं मौके पर अन्य महिला पुलिसकर्मियों को भी बुलाया गया। वहीं इस लाठीचार्ज में आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ की कुछ महिलाओं को चोटें भी आई है। इसके बाद सेविका सहायिका संघ की महिलाओं को मुख्यमंत्री आवास के पहले ही पुलिस ने रोक दिया। करीब तीन घंटे तक पुलिस और महिलाओं के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा। पुलिस बार-बार महिलाओं को समझा रही थी, लेकिन महिलाएं मानने को तैयार नहीं थी।

प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ की महिलाओं ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भीड़ में मौजूद महिलाएं वंदे मातरम और भारत माता की जय का नारा भी लगा रही थी। उधर, कोतवाली डीएसपी अजीत कुमार विमल दल बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने महिलाओं से लौट जाने को कहा लेकिन महिलाएं अपनी मांगों के न माने जाने तक सड़क से हटने को तैयार नहीं थी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static