बिरसा मुंडा की प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने के विरोध में रांची बंद बेअसर, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

punjabkesari.in Saturday, Jun 15, 2019 - 12:07 PM (IST)

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में बिरसा मुंडा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के विरोध में शनिवार को रांची बंद बेअसर रहा। इस दौरान वाहनों का आगावामन सामान्य रहा। दुकानें आम दिनों की तरह खुलीं थी। वहीं सड़कों पर यातायात भी आम दिनों की तरह सामान्य ही देखा गया। मगर हालात देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि कोई शहर में उपद्रव न फैला सके। बंद के मद्देनजर रांची एसएसपी ने अपने गोपनीय कार्यालय में शुक्रवार की देर रात बैठक कर डीएसपी सहित सभी थानेदारों को कई दिशा-निर्देश दिए। बंद समर्थकों से सख्ती से निपटने और विभिन्न चौक-चौराहों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के भी निर्देश दिए गए हैं।


पिछले दिनों कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर बनी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा खंडित हो गई थी। इसका पता उस वक्त चला, जब आजसू के कोटे से मंत्री बने रामचंद्र सहिस राजभवन में शपथ ग्रहण करने के बाद बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान कर्मियों ने रामचंद्र सहिस को बताया कि बिरसा मुंडा की मूर्ति का बायां हाथ टूटा हुआ है। फलस्वरूप सहिस को बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दिए बगैर ही लौटना पड़ा था। इसके बाद राजनीतिक दलों के नेता और आदिवासी समाज के लोग वहां जुटना शुरू हो गए। इस दौरान आदिवासी समुदाय से जुड़े संगठनों ने बिरसा की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वालों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की और रांची बंद का आह्वान किया था।

वहीं रांची नगर निगम ने आनन-फानन में प्रतिमा की मरम्मत करवाई। साथ ही आश्वासन दिया कि समाधि स्थल का रख-रखाव नगर निगम ही करेगी। उप महापौर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसे रांची नगर निगम ने ठीक करा दिया है। कुछ ओछी राजनीति करने वाले लोग इसे भड़काने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वे भूल रहे हैं कि जनता अब मूर्ख नहीं बनने वाली। जनता जाग गई है। वह सब कुछ जानती और समझती है।

prachi