रांची: न्यूक्लियस मॉल में दर्दनाक हादसा, तीसरे तल्ले की रेलिंग से नीचे गिरने से 11 साल के छात्र की मौत

punjabkesari.in Sunday, Jun 23, 2019 - 05:42 PM (IST)

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के सर्कुलर रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल में शनिवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मॉल के तीसरे तल्ले से नीचे गिरने एक बच्चे की मौत हो गई। वह ब्रिजफोर्ड स्कूल में छठी क्लास का छात्र था और धुर्वा टंकी साइड का रहने वाला था।

वहीं रांची के न्यूक्लियस मॉल से गिरने से जिस बच्चे की मौत हुई उसका नाम पार्थिव साह (11) है। घटना के बाद मॉल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर लालपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही परिजन पार्थिव के बचे होने की आस में उसे ऑर्किड अस्पताल ले जा चुके थे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पार्थिव कोतवाली थाना में सब इंस्पेक्टर दुर्गा देवी की इकलौती संतान था। घटना की जानकारी मिलने पर वह भी अस्पताल पहुंचीं और अपने पुत्र के शव को देख रो पड़ीं। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल पहुंचे, इसके बाद वहां का माहौल गमगीन हो गया।

सूचना पाकर रात 9.30 बजे एसएसपी अनीश गुप्ता भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं मृतक बच्चे के फूफा राजेश कुमार ने बताया कि पार्थिव पिछले एक सप्ताह से मॉल जाने की जिद कर रहा था। राजेश पत्नी, बच्चे, परिवार के अन्य सदस्यों और पार्थिव को लेकर मॉल घूमने आए थे। मॉल के तीसरे तल्ले पर पार्थिव रेलिंग से नीचे देखने लगा। इसी दौरान उसने अपना संतुलन खो दिया और नीचे गिर गया।

Jagdev Singh