रांची: गणित के होमवर्क में गलती करने पर शिक्षक ने तीसरी कक्षा की बच्ची को बुरी तरह से पीटा

punjabkesari.in Sunday, Oct 06, 2019 - 03:49 PM (IST)

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के एक स्कूल से बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां होमवर्क में मिले गणित के सवालों को गलत बनाने पर शिक्षक ने तीसरी कक्षा की छात्रा को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घटना कटकमसांडी प्रखंड के बाझा पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय उरीदीरी की है। इस विद्यालय में बासुदेव गिरि की नतिनी कोमल कुमारी कक्षा तीन में पढ़ती है।

शुक्रवार को रोज की तरह वह स्कूल पहुंची और गणित का होमवर्क दिखाने के लिए शिक्षक अख्तर हुसैन के पास गई। शिक्षक ने होमवर्क चेक किया। छात्रा ने जोड़-घटाव में कुछ गलती कर दी थी। यह देखकर शिक्षक अख्तर हुसैन आग बबूला हो गए और छात्रा कोमल कुमारी की बुरी तरह से छड़ी से पिटाई कर दी। पिटाई के कारण उसकी पीठ पर छड़ी के निशान उभर गए। शनिवार की सुबह बासुदेव गिरि अपनी जख्मी नतिनी को लेकर स्कूल पहुंचे और इसके बारे में पूछताछ की। उन्होंने घटना की जानकारी पंचायत के मुखिया लीलो सिंह भोक्ता और प्रमुख सह बाल संरक्षण समिति के अध्यक्ष कुमारी श्रीति पांडेय को दूरभाष से दी।

वहीं स्कूल की हेडमास्टर सुनीता सिन्हा ने कहा कि उन्होंने घटना के संबंध में स्कूल के शिक्षक से पूछताछ की है और रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी है। अख्तर हुसैन से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बार-बार बताने के बावजूद उसने सही हिसाब नहीं बनाया इसीलिए उन्होंने पिटाई की है।कटकमसांडी प्रमुख कुमारी श्रीति पांडेय ने कहा कि उन्हें जैसे ही मामले की जानकारी हुई उन्होंने स्कूल पहुंचकर जांच पड़ताल की। इधर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी चंदेश्वर प्रसाद ने कहा कि उन्हें इसके बारे में जानकारी मिली है। पीड़ित छात्रा के नाना ने आवेदन दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static