RJD से चतरा और पलामू सीट के मुद्दे पर चल रहा गतिरोध जल्दी हो जाएगा समाप्त: बाबूलाल मरांडी

punjabkesari.in Friday, Mar 29, 2019 - 01:22 PM (IST)

धनबाद: झाविमो सुप्रीमो और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि झारखंड में महागठबंधन पूरी तरह से एकजुट है। उन्होंने कहा कि राजद से चतरा और पलामू सीट के मुद्दे पर चल रहा गतिरोध जल्दी समाप्त हो जाएगा। राजद और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत चल रही है और जल्द ही इस गांठ को सुलझा लिया जाएगा।

मरांडी ने कहा कि बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने के लिए ही महागठबंधन बना है। वाम दलों की नाराजगी दूर करने का प्रयास भी किया जा रहा है। वे गुरुवार को मीडिया से बातचीत कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में अदालत में पेशी के लिए धनबाद आए थे। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की एकजुटता देख बीजेपी काफी डरी हुई है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस चुनाव में झारखंड से बीजेपी का सफाया तय है। इस बार बीजेपी झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटें हार जाएगी। देश की जनता नरेंद्र मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने का मन बना चुकी है। इस सरकार में देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में आ गया है। उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि जिस राष्ट्रवाद के नाम पर चुनाव लड़ा जा रहा है। वह हमें नहीं चाहिए। राष्ट्रवाद के नाम पर  निर्दोष लोगों की हत्या और समाज को तोड़ने का काम किया जा रहा है। हम महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य और शिक्षा को मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाएंगे।

prachi