झारखंडः RPF के जवान ने एक ही परिवार के 5 लोगों को मारी गोली, 3 की मौत, 2 की हालत गंभीर

punjabkesari.in Sunday, Aug 18, 2019 - 10:28 AM (IST)

रामगढ़ः झारखंड के रामगढ़ में आरपीएफ जवान द्वारा एक ही परिवार के पांच लोगों को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इसके चलते तीन लोगों की मौत हो गई वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना के चलते पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, रामगढ़ जिले के बरकाकाना रेलवे कॉलोनी में आरपीएफ जवान पवन सिंह ने घर में घुसकर रेलकर्मी अशोक राम के परिवार पर हमला बोल दिया। इस हमले में रेलकर्मी अशोक राम, पत्नी लीला देवी और बड़ी बेटी मीना देवी की मौत हो गई जबकि मृतक रेलकर्मी की एक बेटी व छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती करवाया गया है।

मृतक रेलकर्मी के घायल बेटे संजय राम व छोटी बेटी प्रियंका कुमारी ने पुलिस को बताया कि आरपीएफ जवान पवन कुमार सिंह शराब के नशे में धुत होकर शनिवार की रात करीब सवा आठ बजे उनके घर में दूध मांगने आया। पिता ने कहा कि दूध नहीं बचा है। इसी बात पर आरपीएफ जवान गाली-गलौच करते हुए गोलियां चलाने लगा।

वहीं इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रामगढ़-भुरकुंडा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है। सुबह से स्टेशन रोड सहित चौक के आसपास सभी दुकानें बंद है। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उठाने से रोक दिया है। सड़क जाम में शामिल स्थानीय लोग आरोपित आरपीएफ जवान पवन सिंह की गिरफ्तारी व मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

prachi