सरायकेला: नक्सलियों ने पुलिस की गाड़ी पर किया हमला, मुठभेड़ में 3 जवान हुए घायल

punjabkesari.in Monday, May 20, 2019 - 02:33 PM (IST)

सरायकेला: झारखंड के सरायकेला जिले के खरसावां थानाक्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों में मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में तीन जवानों को गोली लगी। इसमें दो सैप और एक जिला बल के जवान शमिल है। इन तीनों में से दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दो जवानों को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं तीसरे जवान का खरसावां सीएचसी में इलाज चल रहा है।

सोमवार सुबह शुरू डैम के पास जंगल से होकर जवानों से भरी गाड़ी गुजर रही थी। उसी दौरान नक्सलियों ने गाड़ी को ब्लास्ट कर उड़ाने की कोशिश की। मगर गाड़ी इस हमले में बाल-बाल बच गई। इसके बाद नक्सलियों ने गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जवाब में जवानों ने भी फायरिंग की। दोनों ओर से फायरिंग में तीन जवानों को गोली लग गई। वहीं नक्सलियों को नुकसान होने की कोई सूचना नहीं है। इस गाड़ी में 11 जवान मौजूद थे।

घायल जवान हरिराम सिंह को बांह में और माखनलाल सिंह को पेट में गोली लगी है। तीसरा घायल जिला बल के जवान कृष्णा कुदादा है। वहीं गाड़ी में मौजूद एक जवान ने बताया कि नक्सलियों ने पहले ब्लास्ट कर गाड़ी को उड़ाने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी बाल-बाल बच गई। इसके बाद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी जवाब में हमलोगों ने भी फायरिंग की। जवाब कार्रवाई के बाद नक्सली मौके से भाग निकले।

Deepika Rajput