झारखंड में शाह ने जोहार जन आशीर्वाद यात्रा का किया शुभारंभ, कांग्रेस पर साधा निशाना

punjabkesari.in Wednesday, Sep 18, 2019 - 02:18 PM (IST)

रांचीः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को झारखंड में जोहार जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि "साल 2004-14 के बीच कांग्रेस को केंद्र में 10 साल सरकार चलाने का मौका मिला लेकिन 13वें वित्त आयोग में कांग्रेस ने मात्र 55,200 करोड़ रुपये झारखंड को दिए थे। मोदी जी ने 14वें वित्त आयोग में 1,45,345 करोड़ रुपये झारखंड को देने का काम किया।

उन्होंने कहा कि रघुवर जन आशीर्वाद लेकर निकले हैं, ऊपर की सरकार आपने बनाई है। यहां भी दोबारा रघुवर दास जी की सरकार बना दीजिये। ये दोनों सरकारें मिलकर झारखंड को नंबर 1 प्रदेश बना देंगी। आज जोहार जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत हो रही है। ये यात्रा तीन चरणों में झारखंड की सभी विधानसभाओं में घूमेगी और राज्य में फिर एक बार भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर रांची वापस लौटेगी।

अमित शाह ने कहा कि पी.एम मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाकर कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया तो विपक्षियों को परेशानी होने लगी। कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने संसद में इसके विरोध में वोट किया। राहुल गांधी स्पष्ट करें कि वे 370 हटाने के पक्ष में हैं या विरोध में....जब हमने सर्जिकल की तो राहुल गांधी विरोध करते हैं, एयर स्ट्राइक करते हैं तो प्रमाण मांगते हैं। JNU में भारत विरोधी नारे लगते हैं, तो वो उनके साथ जाकर खड़े हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि अब तय कर लो और देश की जनता को बताओं की आप किस दिशा में जाना चाहते हो। अब झारखंड की जनता को तय करना है कि मोदी जी जिन्होंने अनुच्छेद 370 और 35A हटाया है, उनके साथ रहना है या जिन्हें अनुच्छेद 370 चाहिए उनके साथ रहना है"।

Ajay kumar