शाहनवाज का हमला- कांग्रेस डूबता हुआ जहाज, कांग्रेसियों को नहीं राहुल गांधी पर भरोसा

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2020 - 11:10 AM (IST)

 

रांचीः भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस की दुर्दशा के लिए खुद कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है। साथ ही आज इसकी दशा डूबते हुए उस जहाज की तरह हो गई है, जिस पर सवार लोग अपनी जान बचाने के लिए उससे कूद कर भाग रहे हैं।

शाहनवाज हुसैन ने संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान में विशेषकर कांग्रेस के युवाओं को यह समझ में आ गया है कि पार्टी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में न तो उनका भला होने वाला है और न ही देश का भला होने वाला है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की घर वापसी हुई है। वह पहले पार्टी नेताओं के दिल में बसते थे,अब सिंधिया भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा उनके दादी की खड़ी की हुई पार्टी है। स्व राजमाता जी एवं स्व माधवराव सिंधिया पहली बार विधानमंडल में जनसंघ से ही जीत कर गए थे। अब ज्योतिरादित्य सिंधिया जी भी पहली बार राज्यसभा में भाजपा के सदस्य के रुप में जाएंगे।

मध्यप्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य पर पूछे गए सवाल के जवाब में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस जाने वाली है। जल्द ही वहां भाजपा की सरकार बनेगी। अन्य प्रदेशों में भी कांग्रेस में भगदड़ मची है। झारखंड भी इससे अछूता नहीं है।

Nitika