JMM के केंद्रीय सचिव संजीव बेदिया का पुत्र लापता, पुलिस ने जताई अपहरण की आशंका

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2020 - 05:46 PM (IST)

हजारीबागः झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सचिव संजीव बेदिया का पुत्र रविवार दोपहर से लापता है। इस बात की सूचना मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई है और युवक की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बताया कि झामुमो नेता बेदिया का पुत्र पीयूष आज दोपहर से लापता है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस उप महानिरीक्षक अमोल वी होमकर और रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मौके पर पहुंच कर लापता पीयूष के परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि वह दोपहर में अपने घर के पास चबूतरे पर बैठा हुआ था। इस दौरान उसकी मां दोपहर में खाना खाने के लिए उसे बुलाने के लिए बाहर निकली लेकिन पीयूष बाहर कहीं नहीं दिखा। इस बात से परेशान होकर उसकी मां ने परिवार के बाकी परिजनों को इस बात की सूचना दी।

इसके बाद पीयूष की मां ने संजीव बेदिया को फोन लगाया, उस समय संजीव रांची गए हुए थे। इस खबर को सुनते ही वह वापस घर लौटे और पुलिस को इस बात की जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पीयूष का फोन बंद आ रहा है और ना ही वह अपने किसी दोस्त के घर गया है। इधर पुलिस का मानना है कि युवक का अपहरण किया गया है लेकिन अभी तक फिरौती की कोई कॉल नहीं आई है। फिलहाल पुलिस ने युवक की छानबीन शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Diksha kanojia

Recommended News

Related News

static