हेमंत सरकार में विधि-व्यवस्था हुई बदतर, बेटियां सुरक्षित नहीं: भाजपा

punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2020 - 03:43 PM (IST)

 

दुमकाः भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड में गिरती विधि-व्यवस्था पर चिंता जाहिर की है। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही गठबंधन सरकार में बलात्कार, चोरी, डकैती और उग्रवादी घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है।

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि गठबंधन की सरकार के 9 महीने के कार्यकाल में पूरे राज्य में बलात्कार,चोरी, डकैती और उग्रवादी घटनाओं में वृद्धि हुई है। राज्य की कानून व्यवस्था को सुद्दढ़ बनाने की ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। इस सरकार में महिला, किसान सहित सभी वर्ग असुरक्षित महसूस कर रहा हैं। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है लेकिन मुख्यमंत्री मौन है।

वहीं भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि साहिबगंज में नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार के बाद हत्या की शर्मसार करने वाली घटना को दबाने का प्रयास किया जाना अति दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। राज्य के गिरिडीह, जमशेदपुर सहित कई अन्य क्षेत्रों में महिला अत्याचार की हुई कई घटनाओं से स्पष्ट हो गया है कि इस राज्य में बेटियां अब सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि बेटियों को भी पढ़ने और आगे बढ़ने की आजादी मिलनी चाहिए, लेकिन इस राज्य में सुरक्षा की दृष्टि से अभिभावक अपनी बेटियों को घर में कैद रखने को विवश हो गए हैं।

Nitika