झारखंड की दशा और दिशा तय करने वाले हैं ये विधानसभा चुनावः रघुवर दास

punjabkesari.in Thursday, Nov 21, 2019 - 02:43 PM (IST)

लातेहारः झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी शंखनाथ बजा दिया है। आज लातेहार के मनिका में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद रहे। इस दौरान रघुवर दास ने चुनावी सभा में लोगों से एक बार फिर राज्य में भाजपा की सरकार बनाने की अपील की।

रघुवर दास ने कहा कि 2019 का विधानसभा चुनाव राज्य की दशा और दिशा तय करने वाला चुनाव है। हमने 14 साल तक राजनीतिक अस्थिरता का दंश झेला लेकिन पिछले 5 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य ने तेजी से विकास किया। भाजपा की मजबूत सरकार ने राज्य हित में बड़े फैसले लिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री ने आह्वान किया था कि आप हमें पूर्ण बहुमत दो, हम आपको पूर्ण विकास देंगे। 5 साल में हमने आपसे किया हर वादा पूरा किया है। एक बार फिर हमें आशीर्वाद दीजिए, झारखण्ड में भाजपा की सरकार बनाइए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में झारखण्ड ने नक्सलवाद, भ्रष्टाचार और वंशवाद पर करारा प्रहार किया है। आपको याद होगा कि लातेहार में 2014 से पहले नक्सलवाद कितना हावी था लेकिन भाजपा सरकार ने नक्सलवाद पर लगाम लगाई और आज आप 24 घंटे कहीं भी आ-जा सकते हैं।

दास ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और झारखण्ड की महिलाओं ने इस पर पूरा विश्वास जताया। आज झारखण्ड में 2 लाख से ज्यादा सखी मंडल हैं और 20 लाख बहनों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि फिर एक बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाइए। ये चुनाव झारखण्ड की विकास यात्रा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। आपका वोट नए झारखण्ड का निर्माण करेगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prachi

Recommended News

Related News

static