लोहरदगा में बोले रघुवर दास- झारखंड का जन-जन BJP और उसकी नीतियों में रखता है अटूट विश्वास

punjabkesari.in Thursday, Nov 21, 2019 - 05:47 PM (IST)

लोहरदगाः झारखंड विधानसभा चुनावों को लेकर आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने लातेहार के मनिका से चुनावी सभा का आगाज कर दिया है। इसके बाद उन्होंने लोहरदगा में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि झारखंड का जन-जन भाजपा और उसकी नीतियों में अटूट विश्वास रखता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड का जन-जन भाजपा और उसकी नीतियों में अटूट विश्वास रखता है। झारखंड में फिर एक बार भाजपा सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि 14 साल हम झारखंडवासी विकास से वंचित रहे। झारखंड की जनता की आकांक्षाओं, आशाओं से अनुरूप ही पिछले 5 साल में राज्य का विकास हुआ है। वहीं सीएम ने कहा कि समर्पित और मजबूत सरकार ने राज्य के विकास के लिए दिन-रात एक किए हैं। आजादी के इतने सालों तक कांग्रेस ने राज किया लेकिन गांव और गरीब की हालत खराब होती चली गई। झारखंड के गांव बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे थे कि कब उनकी जिंदगी में विकास की किरणें आएंगी।

बता दें कि रघुवर दास ने कहा कि भाजपा सरकार बनी और गरीबों की जिंदगी में बदलाव आना शुरू हो गया। पीएम मोदी के नेतृत्व में झारखंड ने हर नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का कलंक मिटा, युवाओं को रोजगार मिला, महिलाओं को सम्मान और किसानों के घर समृद्धि लौटी है। आज झारखंड के 57 लाख परिवारों के पास 5 लाख का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा है।

Nitika