CM रघुवर दास की उग्रवादियों को चेतावनी- ''सरेंडर करो, नहीं तो पाताल से ढूंढ़कर मारेंगे''

punjabkesari.in Thursday, Oct 03, 2019 - 05:58 PM (IST)

गुमला: झारखंड में बढ़ते उग्रवाद को देखते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने यह ऐलान किया है कि झारखंड में जितना भी उग्रवादी संगठन है मैं समय देता हूं। सरेंडर कर दो, नहीं तो पाताल से ढूंढ़कर मारेंगे।

बता दें कि जोहार जन आशीर्वाद यात्रा में मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सिमडेगा और गुमला में जनसभाओं को संबोधित किया। इसी दौरान उन्होंने उग्रवादियों को मुख्यधारा में लौटने की सलाह दी। रघुवर दास ने कहा कि कांग्रेस के 60 साल के शासनकाल की तुलना 5 वर्ष के भाजपा के शासनकाल से करें। वर्तमान सरकार ने घर-घर बिजली, घर-घर एलपीजी, स्वास्थ्य की सुविधा, सड़क, मुफ्त आवास समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सिमडेगा में गरीबी है। यह जिला विकास से अछूता है। इसलिए हमारी सरकार ने अतिरिक्त बजट का प्रवधान करते हुए सिमडेगा के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये दिये।

दास ने कहा कि अब भी कुछ काम अधूरे हैं उसे पूरा करना है। इसलिए वह जनता का आशीर्वाद लेने आये हैं। उन्होंने कहा, आप फिर से हमें आशीर्वाद दें और झारखंड के विकास को गतिमान रखें। उन्होंने कहा कि यही कार्य अगर 60 साल सत्ता में रहने वाली कांग्रेस और झारखंड नामधारी पार्टियां करतीं, तो सिमडेगा समेत पूरे राज्य की स्थिति कुछ और होती।

उन्होंने आगे कहा कि इन पार्टियों ने सिर्फ और सिर्फ आदिवासियों एवं गरीबों के नाम पर राजनीति की. अपना स्वार्थ साधा। आपने एक मजदूर को राज्य का मुखिया बनाया। तब से लेकर अब तक यह मजदूर राज्य की जनता के कल्याण में जुटा है। बस उन बातों को कार्यों का लेखा-जोखा आपके समक्ष रखने आया हूं, क्योंकि लोकतंत्र में आप ही सर्वोपरि हैं। 

Ajay kumar