स्वीडि‍श कंपनी खरीदेगी झारखंड का वनोपज, 30 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

punjabkesari.in Sunday, Jun 10, 2018 - 11:07 AM (IST)

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड मंत्रालय में स्वीडि‍श कंपनी आइकिया (IKEA) के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में बांस और प्राकृतिक फाइबर की काफी पैदावार है। यहां के लोग इनके उत्पाद भी तैयार कर रहे हैं। बस जरूरत है, तो एक मार्केट की। 

वहीं आइकिया के न्यू बिजनेस मैनेजर संदीप सानन ने कहा कि झारखंड में इस तरह के उत्पाद की काफी संभावना है। यहां काफी कच्चा माल उपलब्ध है। यहां के लोग मेहनतकश हैं। कंपनी ईएसएएफ के माध्यम से दुमका के शिकारीपाड़ा स्थित कलस्टर से बांस उत्पाद खरीद रही है। यहां 600 लोगों को रोजगार मिला है। बैठक में उन्होंने बताया कि राज्य में 99 कलस्टर चिन्हिात किए गए हैं। प्रत्येक कलस्टर में 300-300 लोगों को रोजगार मिलेगा। इस प्रकार कम से कम 30 हजार लोगों को इससे जोड़ा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुमका के साथ-साथ चाकुलिया में भी बांस की काफी पैदावार है। इन क्षेत्रों में कलस्टर विकसित कर काम शुरू किया जा सकता है। इसके साथ ही अन्य प्राकृतिक फाइबर के लिए भी क्षेत्र चिन्हि‍त कर कलस्टर विकसित करें। कालिंदी समाज के लोग काफी गुणी हैं। उन्हें बाजार की जरूरत के अनुरूप उत्पाद तैयार करने के लिए प्रोत्साहित करें। झारखंड में असूर जाति के भी काफी लोग निवास करते हैं, उन्हें भी इससे जोड़ा जा सकता है।

Nitika