गिरिडीह में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में बच्ची समेत 3 की मौत

punjabkesari.in Sunday, Jun 16, 2019 - 03:21 PM (IST)

गिरिडीह: झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। इनमें कई लोगों को अपनी कीमती जान से हाथ धोेने पड़ते हैं। इसी क्रम में ताजा मामला गिरिडीह जिले से सामने आया है। जहां रविवार की सुबह हुई 3 अलग-अलग सड़क हादसों में एक बच्ची समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दंपती बुरी तरह से जख्मी हो गया। जख्मी दंपती को पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया है।

पहली घटना डुमरी की है जहां पत्थर से लदे हाइवा से कुचलकर 10 साल की बच्ची अदिति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके रेलकर्मी पिता महेंद्र साव एवं मां प्रतिमा देवी बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं। महेंद्र गिरिडीह में रेलवे में पदस्थापित है। वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ बाइक से बगोदर के पोखरिया स्थित अपने गांव जा रहा था। इसी क्रम में  हाइवा ने डुमरी में उसकी बाइक को अपने चपेट में ले लिया।

दूसरी घटना में जमुआ-मिर्जागंज पथ पर एक हाइवा से कुचलकर बाइक सवार युवक मुश्ताक अंसारी की मौके पर मौत हो गई। मुश्‍ताक अंसारी देवरी थाना क्षेत्र के बरजोडीह गांव का रहने वाला था। सुबह में वह अपने घर से बोडो गिरिडीह अपने ससुराल जा रहा था। रास्ते मे वह हादसे का शिकार हो गया। तीसरी घटना तिसरी थाना क्षेत्र के कन्हाई मोड़ पर घटी। यहां एक अज्ञात वाहन से कुचलकर अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई।

prachi