तेलंगाना में फंसे झारखंड के मजदूरों के लिए चली विशेष ट्रेन, जल्द होगी घर वापसी

punjabkesari.in Friday, May 01, 2020 - 12:53 PM (IST)

 

रांचीः लॉकडाउन के कारण कामगार मजदूर, छात्र सहित अन्य कई हजारों लोग देश के भिन्न-भिन्न हिस्सों में फंसे हुए है। उनको वापस लाने के लिए राज्य सरकारें लगातार प्रयासरत हैं। वहीं आज तेलंगाना सरकार के अनुरोध पर और केंद्रीय रेल मंत्रालय के निर्देशानुसार हैदराबाद से झारखंड के लिए एक विशेष ट्रेन चलाई गई।

आरपीएफ महानिदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि तेलंगाना के लिंगमपल्ली से झारखंड के हटिया में प्रवासियों को ले जाने वाली पहली ट्रेन शुक्रवार सुबह 5 बजे चली। यह एकमात्र विशेष ट्रेन तेलंगाना सरकार के अनुरोध पर चलाई गई है। इस ट्रेन में 24 कोच और 1200 मजदूर हैं। वहीं ऐसा विचार किया जा रहा है कि ट्रेन को फ्लाइट की तरह चलाया जाए। साथ ही यात्रियों को 2 से 3 घंटे पहले स्टेशन पर पहुंचना होगा। वहां पर उनका मेडिकल चेकअप होगा। उससे पहले सर्टिफिकेट जमा करवाना होगा कि आप स्वस्थ हैं। स्टेशन पर सिर्फ यात्रियों को ही आने की अनुमति होगी।

बता दें कि ट्रेन में सिर्फ कन्फर्म रिजर्वेशन सीट ही रहेगी। अभी शुरुआत में केवल स्पेशल ट्रेन ही चलाई जाएंगी। इतना ही नहीं यात्रियों को मास्क और सेनेटाइजर साथ रखना अनिवार्य होगा।
 

Nitika