राजभवन में हुआ हेमंत मंत्रिमंडल का विस्तार, JMM के 5 और कांग्रेस के 2 विधायक बने मंत्री

punjabkesari.in Tuesday, Jan 28, 2020 - 11:09 AM (IST)

 

रांचीः झारखंड में हेमंत सरकार के बनने के पूरे एक महीने के बाद आज कैबिनेट का विस्तार हो गया है। राजभवन के बिरसा मंडप में झामुमो ( झारखंड मुक्ति मोर्चा) के 5 और कांग्रेस के 2 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।

जानकारी के अनुसार, झामुमो के सरायकेला से विधायक चम्पई सोरेन, मधुपुर से हाजी हुसैन अंसारी, मनोहरपुर से जोबा मांझी, डुमरी से जगन्नाथ महतो, गढ़वा से मिथिलेश ठाकुर को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने शपथ दिलवाई। इसके साथ ही कांग्रेस के जमशेदपुर पश्चिमी से विधायक बन्ना गुप्ता और जरमुंडी से बादल पत्रलेख ने मंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पिता शिबू सोरेन आदि कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

वहीं इससे पहले 24 जनवरी को हेमंत मंत्रिमंडल का विस्तार होना था लेकिन पश्चिम सिंहभूम में पत्थलगड़ी मामले में 7 लोगों की निर्मम हत्या के चलते हेमंत मंत्रिमंडल के विस्तार को स्थगित कर दिया गया था। बता दें कि हेमंत सोरेन ने 29 दिसंबर को झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके साथ कांग्रेस के 2 और राजद के एक विधायक ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static