पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के निधन पर बोले रघुवर दास- मैंने अपने पिता समान गुरु को खो दिया

punjabkesari.in Thursday, Aug 16, 2018 - 06:14 PM (IST)

रांचीः देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का दिल्ली के एम्स में निधन हो  गया। इस खबर के चलते पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ट्वीट कर वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

रघुवर दास ने लिखा कि आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के देहांत से मन बेहद विचलित है। आज मैंने अपने पिता समान गुरु को खो दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के जनक अटल बिहारी वाजपेयी के निधन से आज पूरा देेश शोक में डूब गया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय राजनीति में अटल बिहारी वाजपेयी जी का योगदान अविस्मरणीय रहेगा। ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थाना करता हूं। अटल जी का सामाजिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहेगा। युगपुरुष, भारतरत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को शत्-शत् नमन।

बता दें कि करीब दो महीने से दिल्ली एम्स में भर्ती अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत बुधवार को अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए थे। गुरुवार की शाम पांच बजकर पांच मिनट पर वाजपेयी ने अपनी जीवन की अंतिम सांस ली।   

prachi