ननिहाल में विवाह कार्यक्रम के दौरान 2 सगे भाइयों की हत्या, तालाब में तैरते मिले दोनों बच्चों के शव

punjabkesari.in Saturday, Jun 15, 2019 - 03:08 PM (IST)

गिरीडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले से दो बच्चों की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्चों की हत्या का यह मामला जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र से सामने आया है। दोनों बच्चों के शव थाना क्षेत्र के चौधरीडीह तालाब से शुक्रवार की शाम को बरामद किए गए। बच्चों के शव मिलने के बाद पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। मृतक दोनों बच्चे गांडेय के चरघरा निवासी मुकेश यादव के बेटे हैं। दोनों की पहचान सोनू कुमार और छोटू कुमार के रूप में हुई है।

मृतक दोनों बच्चे अपने माता-पिता के साथ अपने ननिहाल दलदला गांव में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। गुरूवार की सुबह जब बच्चों को खोजा गया तो दोनों लापता मिले। वहीं इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई और पुलिस ने छानबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

इस बीच शुक्रवार की शाम को तालाब में कुछ लोग मछली पकड़ने गए तो दोनों बच्चों का शव तालाब के पानी पर तैरता मिला। बाद में पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शवों को तालाब से बाहर निकाला। दोनों बच्चों के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। इस मामले को लेकर पुलिस कई लोगों से पूछताछ भी कर रही है। वही, पुलिस निरीक्षक जितेंद्र ठाकुर ने कहा कि जल्द ही मासूमों के हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शव को देखने से लग रहा है कि हत्या 36-38 घंटे पहले की गई है।

prachi