रवींद्र ने पत्र की प्रमाणिकता साबित करने के लिए बाबूलाल को दिया अल्टीमेटम

punjabkesari.in Saturday, Jul 07, 2018 - 05:12 PM (IST)

रांचीः झारखंड भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कोडरमा के सांसद रवींद्र कुमार राय ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के छह विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर राज्यपाल को सौंपे गए पत्र की प्रमाणिकता साबित करने के लिए सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। 

रवींद्र कुमार ने कहा कि मरांडी माफी मांगे नहीं तो उनके खिलाफ मानहानि का मुकद्दमा किया जाएगा। राय ने झाविमो से भाजपा में शामिल होने के बाद बने मंत्री रणधीर कुमार सिंह एवं अमर कुमार बाउरी तथा विधायक गणेश गंझू, आलोक कुमार चौरसिया, जानकी यादव और नवीन जायसवाल की उपस्थिति में भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जो लोग पत्र के माध्यम से झाविमो विधायकों की खरीद-फरोख्त किए जाने का दावा कर रहे हैं वह केवल जनता को गुमराह कर रहे हैं। 

सांसद ने आरोप लगाते हुए कहा कि मरांडी ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को जो पत्र सौंपा है, वह फर्जी है। उन्होंने कहा कि उनके जैसे व्यक्ति से इतने निचले स्तर की राजनीति करने की उम्मीद नहीं की जाती है। जो लोग अपना घर सुरक्षित नहीं रख पाते वह दूसरों पर आरोप लगाते रहते हैं। यह बात हास्यास्पद है कि कोई व्यक्ति इतने गंभीर मुद्दे का जिक्र पत्र में कैसे कर सकता है। 
 

prachi