विस चुनावः हजारीबाग सीट से पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने किया वोट, नागरिकता संशोधन बिल पर कही ये बात

punjabkesari.in Thursday, Dec 12, 2019 - 05:24 PM (IST)

हजारीबागः झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को 17 सीटों पर मतदान हुए। मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। इसी के साथ कई राजनीतिक नेताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। वहीं पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने पूरे परिवार के साथ मिलकर हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र से वोट किया।

जानकारी के अनुसार, पूर्व बीजेपी नेता ने कहा कि नागरिकता संशोधन बिल के संसद से पास होने पर इसका झारखंड चुनाव में कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि छोटे शहरों के मतदाताओं के लिए स्थानीय मुद्दे ही प्रमुख होते हैं। वहीं इससे पहले भाजपा सांसद जयंत सिन्हा ने मतदान किया था। उन्होंने कहा कि सभी को अपना मत देने का अधिकार है। लोकतंत्र के इस त्योहार में सभी एक समान हैं। मतदान द्वारा ही मतदाता अपना प्रतिनिधि चुनते हैं। शहरी मतदाता कम देखते हुए जयंत सिन्हा ने सभी से वोट देने की अपील की।

बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान समाप्त हो गए हैं। चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न हुए। मतदान के बाद सभी ईवीएम को सील कर दिया गया।
 

Ajay kumar