रांची: उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने किया कृषि आशीर्वाद का शुभारंभ, 14 लाख किसानों को मिलेगा लाभ

punjabkesari.in Saturday, Aug 10, 2019 - 01:30 PM (IST)

रांची: उपराष्‍ट्रपति वेंकैया नायडू ने शनिवार को झारखंड के 14 लाख किसानों को बड़ी सौगात दी। रांची के हरमू मैदान में आयोजित समारोह में रघुवर सरकार की महत्‍वाकांक्षी मुख्‍यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का उन्‍होंने शुभारंभ किया। इसके साथ ही पीएम किसान योजना की तर्ज पर राज्‍य में चलाई जा रही इस योजना के अंतर्गत झारखंड के 13.60 लाख किसानों के खाते में 442 करोड़ की भारी भरकम राशि भेज दी गई।

उपराष्‍ट्रपति वेंकैया नायडू ने यहां किसान सारथी रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके साथ राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद हैं। इस क्रम में उपराष्‍ट्रपति लोगों की भीड़ में प्रवेश कर गए। उन्‍होंने हाथ मिलाकर आम लोगों का हाल-चाल पूछा। उसके बाद उन्‍होंने रघुवर सरकार की महत्‍वाकांक्षी मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का शुभारंभ किया।

इस योजना के अंतर्गत राज्य के 13.60 लाख किसानों के खाते में 442 करोड़ की भारी भरकम राशि शनिवार को भेजे जाने को लेकर राजधानी के हरमू मैदान में समारोह का आयोजन किया गया है। इससे पहले बीते दिन ही किसानों के खाते में राशि भेजने की तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं। राशि भेजने का ट्रायल भी रांची समेत राज्य के सभी 24 जिलों में सफलता पूर्वक कर लिया गया है।

इससे पहले रांची एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति के आगमन के बाद राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट से उनका कारकेड हिनू, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक और कड़रु होते हुए रेडिशन ब्‍ल्‍यू होटल की ओर बढ़ा।

Edited By

Jagdev Singh