विस चुनावः कोडरमा में बनाया गया 9 सखी और महिला बूथ, महिला चुनाव कर्मियों में खासा उत्साह

punjabkesari.in Wednesday, Dec 11, 2019 - 02:57 PM (IST)

रांचीः कोडरमा विधानसभा के लिए गुरुवार को होने वाले तीसरे चरण के मतदान को लेकर बुधवार को सभी पोलिंग पार्टी और सुरक्षा कर्मियों को कलस्टर की ओर रवाना किया जा रहा है। जिला मुख्यालय में बने ईवीएम स्टोर रूम से चुनाव कर्मियों को ईवीएम आवंटित किए जा रहे है। इसके अलावा जरूरी कागज़ात और फॉर्म चुनाव कर्मियों को देकर क्लस्टर की ओर भेजा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, मतदान को लेकर चुनाव कर्मियों में खासा उत्साह है। इस बार कोडरमा में 9 सखी और महिला बूथ बनाया गया है जिनमें 36 महिला चुनाव कर्मी तैनात होंगी। महिला मतदान कर्मी चुनाव को लेकर काफी उत्साहित दिखे। महिला मतदान कर्मियों ने कहा कि पहली बार मतदान कराने जा रही हैं और जो ट्रेनिंग चुनाव को लेकर उन्हें दी गई है उसके आधार पर कल मतदान का कार्य संपन्न करवाएंगे। महिला मतदान कर्मियों ने कहा कि शांतिपुर और निष्पक्ष चुनाव के लिए वे लोग पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।

बता दें कि कोडरमा विधानसभा में कुल 17 उम्मीदवार मैदान में है। वहीं मतदाताओं की संख्या 3 लाख 39 हजार 845 है इनमें एक लाख 77 हजार 738 पुरुष मतदाता और 1 एक लाख 62 हजार 123 महिला मतदाता है। साथ ही 4 थर्ड जेंडर के मतदाता भी है। इस बार तकरीबन 7 हजार 405 युवा वोटर है जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। विधानसभा चुनाव के लिए कुल 352 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।  
 

Ajay kumar