पारावारिक विवाद में महिला ने कुएं में कूदकर दी जान, 8 महीने की थी गर्भवती

punjabkesari.in Tuesday, Oct 01, 2019 - 11:51 AM (IST)

कोडरमा: झारखंड में कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बुचीटांड गांव में पारावारिक कलह में एक महिला ने कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। मृतका आठ महीने की गर्भवती थी। सुबह ग्रामीणों ने गांव में ही स्थित एक कुएं में महिला की लाश देखी जिसके बाद उसके पति ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त की। घटना की सूचना मृतका के मायका पक्ष को भी दे दी गई है। खबर लिखे जाने तक मृतका के मायका पक्ष की ओर से कार्रवाई के लिए थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।

मृतका की पहचान 27 वर्षीय संगीता देवी के रूप में हुई है। हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना के जतघगरा गांव निवासी संगीता की शादी 2016 में डोमचांच थाना क्षेत्र के 27 वर्षीय विकास यादव के साथ हुई थी। मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार शाम पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान संगीता शाम करीब सात बजे घर से निकल गई। काफी देर तक घर नहीं लौटी तो विकास यादव ने अपने परिजनों के साथ संगीता की खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।

घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डोमचांच थाना प्रभारी विनोद कुमार ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया में मामला आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल मृतका के मायका पक्ष के लोगों का इंतजार किया जा रहा है। उनके यहां पहुंचने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static