भारत में देवी शक्ति के रूप में नारी शक्ति की होती पूजाः मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Sunday, Mar 11, 2018 - 09:09 AM (IST)

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सखी मंडल की बहनों और माताओं को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि राज्यभर से आई बहनों को सम्मानित करने का मौका मिला। भारत में देवी शक्ति के रूप में नारी शक्ति की पूजा होती है। 

10 हजार गरीब महिलाओं को सरकरा देगी रोजगार 
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हम संकल्प लें कि जो सम्मान प्राचीन काल में महिलाओं को मिलता था, उन्हें वह फिर से दिलवाना है। अगर सबको साथ लेकर आगे चलने की शक्ति किसी में है तो सिर्फ महिलाओं में है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच है कि देश का विकास करना है तो महिलाओं को आगे बढ़ाना होगा। नारी शक्ति, देश और राज्य की शक्ति कैसे बने इस पर हमारी सरकार काम कर रही है। 

हमारी सरकार महिलाओं के विकास के लिए समर्पित सरकार 
सीएम ने कहा कि राज्य में 15 लाख से भी ज्यादा महिलाओं को सखी मंडल से जोड़ा जा चुका है, इसके लिए विभाग को बधाई दी। हमारी सरकार महिलाओं के विकास के लिए समर्पित सरकार है। राज्य सरकार आपके लिए राज्य के खजाने में कभी कोई कमी नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 1 लाख 70 हजार शौचालय बनाने वाली हमारी बहनों का जिक्र किया था, आप सभी को बधाई, हमें आप पर गर्व है। आपकी मदद से हम पूरे राज्य को ओडीएफ करेंगे। 

महिलाएं सशक्त होंगी तो राज्य होगा सशक्त 
रघुवर दास ने कहा कि आप मार्केट की चिंता ना करें, आपके द्वारा जो भी इमली, शहद का उत्पादन होगा वह मुख्यमंत्री लघु बोर्ड खरीद लेगा। मधु उत्पादन के लिए सभी सखी मंडलों को सरकार मुफ्त में बॉक्स देगी। सीएम ने कहा कि 10 हजार गरीब बहनों को सरकार रोजगार देगी। हम आने वाले समय में 5000 महिलाओं को पॉल्ट्री के क्षेत्र में रोजगार देने जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि सभी सखी मंडलों को समय पर लोन मिलेगा, बैंकों को सख्त हिदायत देंगे कि किसी को कोई परेशानी ना हो। इस देश की अर्थव्यवस्था में सबसे ज्यादा भागीदारी नारी शक्ति की है। महिलाएं सशक्त होंगी तो ही राज्य सशक्त होगा।