मॉल के चौथे फ्लोर से नीचे गिरकर घायल हुए युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

punjabkesari.in Thursday, Sep 19, 2019 - 05:50 PM (IST)

 

 रांचीः सेंट्रल मॉल के चौथे फ्लोर से नीचे गिरकर घायल हुए संजीव गुप्ता का बुधवार रात देहांत हो गया।  युवक की मौत पर लोग अपने गुस्से पर काबू ना रख पाए और उन्होंने मेनरोड जाम कर के मॉल के मालिक के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस वजह से यातायात में देरी होनें से अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बता दें जिस सेंट्रल मॉल से नीचे गिरने पर संजीव गुप्ता की मौत हुई थी वह उसी मॉल में सेल्समेन का काम करता था। मृतक के भाई ने कहा कि मॉल में सेफ्टी का ख्याल नहीं रखा गया है। इससे पहले भी चार लोगों के साथ ऐसा हादसा हो चुका है। अंत में मेरे भाई की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार संजीव गुप्ता 17 सितम्बर को मेनरोड स्थित निर्माणाधीन सेंट्रल मॉल के चौथे फ्लोर से गिर गया था और घायल हो गया था। जिसके बाद उसे पास के राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां बुधवार रात उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों का कहना है कि घटना के बाद मॉल के मालिक ने घायल युवक का हालचाल तक नहीं पूछा।

इसी बात से गुस्साए लोगों ने मेनरोड जामकर प्रदर्शन किया। यातायात में विघन आने पर लोगों ने पुलिक को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराकर आश्वासन दिलाया और कहा कि मॉल के मालिक से इस संदर्भ में बात कर कार्रवाही की जाएगी। 
  

 

Ajay kumar