राजधानी एक्सप्रैस से गांजे की तस्करी करने वाले 9 गिरफ्तार, 2 महिलाएं भी शामिल

punjabkesari.in Saturday, May 07, 2016 - 09:55 AM (IST)

कानपुर:  रेलवे पुलिस ने हावड़ा-दिल्ली राजधानी ट्रेन से 2 महिलाओं सहित 9 लोगों को करीब 110 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। ये सब कोरियर का काम करते थे और राजधानी एक्सप्रैस से हावड़ा से दिल्ली माल की डिलीवरी करने जाते थे। पुलिस का अनुमान है कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस पकड़े गए गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपए है।

जी.आर.पी. के क्षेत्राधिकारी राम कृष्ण मिश्र ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि हावड़ा से एक गिरोह गांजा की बड़ी खेप लेकर आ रहा है। इसमें से 3 का सरनेम तिवारी है और इनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं। इस पर उन्होंने रेलवे चार्ट से तिवारी सरनेम वाले लोगों की लिस्ट देखी तो उन्हें ए.सी. टू टायर के डिब्बे में तिवारी सरनेम वाले कुछ लोगों के बारे में पता चला।

आज जैसे ही हावड़ा राजधानी सुबह कानपुर सैंट्रल स्टेशन पर पहुंची तो उन्होंने ए वन कोच में छापा मारा। पुलिस के छापा मारते ही ये लोग भागने लगे। इस पर पुलिस ने सभी 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनके सामान में गांजे के 2-2 किलो के 55 पैकेट मिले जिनका वजन करीब 110 किलो है। पुलिस ने जब इनसे पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि उन्हें हावड़ा रेलवे स्टेशन पर ये पैकेट दिए गए थे और इन्हें दिल्ली रेलवे स्टेशन पर किसी को डिलीवर करना था। यह केवल डिलीवरी का काम कोरियर के रूप में करते हैं।

पकड़े गए लोगों में 2 महिला सुगंधा पांडे, आरती तिवारी तथा 7 व्यक्ति संजय तिवारी, विजय तिवारी, रज्जाक अंसारी, विमल तिवारी, रोहित पांडे, अब्दुल समद, तथा अरुण तिवारी शामिल थे। सी.ओ. मिश्रा ने बताया कि इनके मोबाइल से हावड़ा और दिल्ली में इनके मालिकों का पता लग गया है। पुलिस ने इस बारे में दिल्ली और हावड़ा पुलिस को सूचित कर दिया है।