''जल्द BJP में दिखेंगे स्वामी प्रसाद मौर्य''

punjabkesari.in Sunday, Jun 26, 2016 - 12:16 PM (IST)

कानपुर: केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री रामशंकर कठेरिया उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के गांव चन्दनामऊ में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। यहां पर रामशंकर कठेरिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य से जुड़े सवालों का जबाव दिया। मौर्य के बारे में पूठे गए सवालों पर उन्होंने कहा कि वे जल्दी ही भाजपा में दिखेंगे। 

जानकारी के अनुसार मीडिया द्वारा पूछा गया एक सवाल कि जो इंसान मायावती और मुलायम का नहीं हो सका वो भाजपा का कैसे होगा। मीडिया के इस सवाल पर कठेरिया ने चुटकी लेते हुए कहा कि सपा में कोई पिटने और अपमानित होने के लिए तो जाएगा नहीं। कठेरिया ने कहा कि बसपा पहले से ही कमजोर है, वह मौर्य के जाने से ही कमजोर नहीं हुई है। उत्तर प्रदेश में जंगलराज है। 

वहीं आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की नीति के बारे में पूछे जाने पर कठेरिया ने कहा कि भाजपा का मुख्य उदेश्य सुशासन और विकास होगा। भाजपा अपने इसी उदेश्य से यूपी में अपना बहुमत बनाकर अपनी सरकार बनाएगी। क्या भारतीय जनता पार्टी भगवाकरण कर रही है?  इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भगवा कोई गाली नहीं है। भगवा चोर नहीं है, डाकू नहीं है, भगवा इस देश की संस्कृति है। उन्होंने कहा कि जो देश के लिए अच्छा होगा वो जरूर होगा।