सपा नेता के बेटे ने युवती से की छेड़छाड़, बाप बोला-यादव हूं, मरवा दूंगा

punjabkesari.in Saturday, Mar 19, 2016 - 12:29 PM (IST)

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में सपा नेता और उनके बेटों की दबंगई का मामला सामने आया है। जहां पर सपा नेता राजनाथ यादव के बेटे ने एक 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ सरेआम छेड़छाड़ की। इसके बाद उन्होंने छात्रा को धमकी भी दी कि मैं यादव हूं, मेरी सरकार है। ज्यादा बोलोगी तो जान से मरवा दूंगा। 

जानकारी के अनुसार गोविंदनगर इलाके के निवासी कालिका प्रसाद की बेटी विद्या मंदिर में 11वीं की छात्रा है। इसी स्कूल में सपा नेता राजनाथ यादव का बेटा ब्रज किशोर भी 12वीं में पढ़ता है। पीड़िता ने बताया कि स्कूल में सीढ़ियों से उतरते समय एक बच्चा उसके सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में एक पत्थर से उसे ठोकर लग गई और वह पत्थर ब्रज किशोर को जाकर लगा। 

पत्थर लगने के बाद ब्रज किशोर सोनिया से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर किशोर ने सब के सामने उसे पीटना शुरु कर दिया। इतना ही नहीं उसने उसके कपड़े भी फाड़ दिए और छेड़छाड़ करने लगा। छेड़छाड़ करने के बाद वह वहां से भाग गया। पीडि़ता ने घर पहुंच कर इस बात की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने घटना का पता लगते ही मामले की सूचना पुलिस को दी। 

वहीं दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि अभी तक मारपीट का मामला सामने आया है। जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर अजय प्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की अच्छे से जांच करने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।