राहुल गांधी का रोड शो, काले झंडे दिखाने की कोशिश नाकाम

punjabkesari.in Thursday, Sep 22, 2016 - 09:04 AM (IST)

कानपुर: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को वायदे पूरे न करने और उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार को भ्रष्टाचारी मंत्रियों को दोबारा सरकार में लेने के लिए आड़े हाथ लेते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कानपुर में अपने रोडशो के दौरान कहा कि प्रदेश में आने वाले विधान सभा चुनाव में कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका मिला तो वह सबको साथ लेकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगी। राहुल गांधी के रोड शो के दौरान बेकनगंज में कुछ युवाओं ने उन्हें काले झंडे दिखाने का प्रयास किया लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन लोगों को राहुल तक पहुंचने नहीं दिया।

सपा सरकार पर निशाना
प्रदेश की समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार ने 5 साल में प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने साईकिल का भ्रष्टाचार रूपी पहिया निकाल दिया था, लेकिन पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह ने उसे फिर से लगा दिया। अगर सपा सरकार के मंत्री भ्रष्ट थे और उन्हें इसी वजह से मंत्रिमंडल से निकाल दिया गया था तो फिर वापस क्यों लिया गया। लोगों ने अखिलेश सरकार के लिए ‘शेम शेम’ के नारे भी लगाए।

गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार विकास के वायदे तो बहुत करती है, लेकिन विकास कहीं दिखाई नही देता। उन्होंने कहा कि अगर आप वास्तव में उत्तर प्रदेश में बदलाव चाहते हैं तो आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाएं। क्योंकि कांग्रेस ही एक मात्र एेसी पार्टी है जो बिना किसी भेद भाव के सबको साथ लेकर प्रदेश का विकास कर सकती है और प्रदेश को उसका पुराना गौरव वापस दिला सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक मात्र एेसी पार्टी है जो किसान, नौजवान, बेरोजगार, महिलाआे सबको एक साथ लेकर चलती है।

मोदी सरकार पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार को आए करीब ढाई साल का समय हो गया है लेकिन क्या उन्होंने चुनाव से पूर्व किया अपना एक भी वायदा पूरा किया। क्या आपके एकाऊंट में 15 लाख रूपए आए जवाब में जनता ने कहा ‘नही’, क्या 2 करोड़ युवाओं को रोजगार मिला जनता ने तेज आवाज में जवाब दिया ‘नही’। क्या किसानों को उनकी फसल के सही दाम मिलें जनता ने फिर कहा ‘नही’। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्जा तो मोदी सरकार ने माफ नहीं किया लेकिन देश के 15 बड़े पूंजीपतियों का लाखों करोड़ रूपए का कर्ज माफ कर दिया।

यह सरकार किसानों, आम आदमी की नही बल्कि पूंजीपतियों की सरकार है। ‘देवरिया से दिल्ली की किसान यात्रा’ के दौरान कानपुर शहर में 4 घंटे चले रोड शो में करीब 2 दर्जन जगहों पर उनका फूल मालाओं से स्वागत किया गया लेकिन उनका काफिला कहीं रूका नही बस धीरे धीरे चलता रहा।

आखिर में उन्होंने रोड शो की समाप्ति पर कोतवाली चौराहे पर अपनी गाड़ी से ही पार्टी कार्यकर्त्ताओं को संबोधित किया जबकि पार्टी नेता उनसे वहां बनाए गए मंच पर आने का अनुरोध करते रहे। रोड शो में राहुल के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, विधायक अजय कपूर, संजीव दरियाबादी आदि मौजूद थे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का काफिला विजय नगर से शहर में प्रवेश करने के बाद गुमटी गुरूद्वारे तथा एक मंदिर से होते हुए कोतवाली चौराहे पर पहुंचा।