स्वच्छ भारत अभियान का संदेश देने साइकिल पर निकले भूपेंद्र को मिला लाखों लोगों का समर्थन

punjabkesari.in Sunday, Jan 21, 2018 - 02:21 PM (IST)

देहरादून/ब्यूरो। प्रयास कभी छोटा या बड़ा नहीं होता है। कई बार निष्ठा और लगन से किया गया छोटा सा प्रयास भी बड़े-बड़े परिणाम दे जाता है। यही सोचकर पिछली 16 अक्टूबर 2017 को स्वच्छ भारत अभियान का संदेश आम जनता तक पहुंचाने के लिए निकले थे भूपेंद्र मेहरा। वैसे तो भूपेंद्र मेहरा इससे पहले भी पांच बार किसी न किसी समस्या के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए यात्रा पर निकल चुके थे, लेकिन इस बार की यात्रा के दौरान उन्हें लाखों लोगों का समर्थन भी मिला। लोगों ने उनके इस अभियान का बड़ी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने का जज्बा लेकर 16 अक्टूबर को साइकिल से यात्रा पर निकलने वाले भूपेंद्र मेहरा को देहरादून में सतपाल महाराज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। उनकी यह यात्रा तीन महीने छह दिन में शनिवार को देहरादून में पूरी हुई।

पर्यावरण को बचाने का संदेश लेकर भूपेंद्र वर्ष 2013 में पहाड़ों पर आई प्रलय के बाद विभिन्न स्थानों की यात्रा कर चुके थे। स्वच्छ भारत अभियान पर निकले भूपेंद्र मेहता मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान, हरियाणा से होते हुए उत्तर प्रदेश के रास्ते वापस दून पहुंचे। अपनी यात्राओं के संबंध में भूपेन्द्र मेहरा बताते हैं कि वे लोगों को पर्यावरण, नदी, जंगल और स्वास्थ्य जैसी समस्याओं के प्रति जागरूक करने के लिए यात्रा करते हैं। उनकी यात्राओं का उद्देश्य लोगों को प्रकृति के प्रति लोगों को सचेत करना है। इस वर्ष वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के साथ उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास करेंगे।