भाजपा ने EVM के जरिए चुनावों को ‘हाईजैक’ किया: राज बब्बर

punjabkesari.in Friday, Nov 24, 2017 - 09:01 AM (IST)

वाराणसी: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने भाजपा पर इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन के जरिए चुनावों को ‘हाईजैक’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता सबकुछ देख रही है और वह वक्त आने पर जवाब देगी।

वाराणसी में नगरीय निकायों के चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में रोड शो एवं जनसभाओं को संबोधित करने पहुंचे राज बब्बर ने ई.वी.एम. में गड़बड़ी संबंधी सवालों पर कहा कि भाजपा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को तहस-नहस करने में जुटी हुई है। ई.वी.एम. के जरिए जनता के वोटों को हथियाकर सत्ता हासिल करने के अभियान में लगी हुई है। देश की जनता उनके इन कारनामों को देख-समझ रही है तथा वह आने वाले समय में अवश्य जवाब देगी।

उन्होंने कहा ई.वी.एम. में गड़बड़ी की बार-बार शिकायतें मिल रही हैं लेकिन उसकी ठीक प्रकार से जांच नहीं करवाई जा रही हैं। इस वजह से चारों तरफ संदेह का माहौल बना हुआ है। इसे नहीं दूर किया गया तो जनता का लोकतांत्रिक व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा और देश में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा को केंद्र और राज्य की सत्ता में होने के नाते आरोपों की जांच के लिए पहल करनी चाहिए ताकि जनता के बीच किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।