VHP के संत सम्मेलन में शामिल होंगे CM योगी, तैयारी पूरी

punjabkesari.in Friday, Jan 19, 2018 - 01:01 PM (IST)

इलाहाबाद: इलाहाबाद में करीब एक महीने तक चलने वाले माघ मेले के दौरान शुक्रवार को आयोजित विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के संत सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल होंगे। योगी गोरक्षपीठाधीश्वर होने के नाते विहिप केन्द्रीय मार्गदर्शक मंडल के सदस्य हैं, जबकि मौर्य का विहिप मुख्यालय अयोध्या के कारसेवकपुरम से काफी पुराना जुड़ाव है। योगी दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे इलाहाबाद पहुंचेंगे। वह मेले की सुरक्षा और सफाई व्यवस्था का भी जायजा लेंगे।

विहिप सूत्रों ने बताया कि सम्मेलन में सामाजिक समरसता, गाय, गंगा, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और अन्य मठ मन्दिरों के रखरखाव जैसे विषयों पर प्रस्ताव पारित किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि सम्मेलन को श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास, पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानन्द, श्रीराम जन्मभूमि न्यास के सदस्य डा. राम विलास दास वेदान्ती और दिवंगत परमहंस रामचन्द्र दास के उत्तराधिकारी सुरेश दास भी सम्बोधित करेंगे।