BJP के इस मेयर प्रत्याशी की संपत्ति देख ‘बेहोश’ हुआ चुनाव आयोग का सॉफ्टवेयर

punjabkesari.in Wednesday, Nov 08, 2017 - 09:06 AM (IST)

आगरा: आगरा नगर निगम के चुनाव में नामांकन के आखिरी दिन (सोमवार को) सभी प्रमुख पार्टियों के मेयर प्रत्याशियों ने नामांकन कर दिया। इसके अलावा 12 अन्य प्रत्याशियों ने भी पर्चा दाखिल किया है।

पार्षद प्रत्याशियों के लिए रात करीब 10.30 बजे तक चली प्रक्रिया में कुल 495 नामांकन हुए। इस तरह मेयर पद पर कुल मिलाकर 20 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है तो पार्षद पर कुल 745 नामांकन हुए हैं। नामांकन के साथ जनता के प्रतिनिधि बनने जा रहे प्रत्याशियों का ब्यौरा भी सामने आ गया है। मेयर प्रत्याशियों की ही बता करें तो सभी प्रमुख पार्टियों सपा, बसपा, कांग्रेस के उम्मीदवार करोड़पति हैं। सबसे आगे नाम तो भाजपा के मेयर प्रत्याशी का है। उनकी संपत्ति करोड़ नहीं बल्कि अरबों में है।

अपडेट करना पड़ा सॉफ्टवेयर
गौरतलब है कि सोमवार को नामांकन के दौरान भाजपा प्रत्याशी की संपत्ति को दर्ज करने में कम्प्यूटर भी सक्षम नहीं था। दरअसल चुनाव आयोग ने जो सॉफ्टवेयर बनाया उसमें 99 करोड़ तक की ही धनराशि भरी जा रही थी। उससे ऊपर की राशि दर्ज की जाती तो वह जीरो पर आ जाता।

इसके चलते नवीन जैन की संपत्ति कम्प्यूटर में दर्ज नहीं हो पा रही थी। बड़ी मुश्किल हो गई थी। हर कोई यह जानना चाहता था कि अब क्या होगा। आर.ओ. ने डी.एम. गौरव दयाल से बात की। उन्होंने बताया कि यह कम्प्यूटर 99 करोड़ तक की संपत्ति दर्ज कर सकता है, इससे ऊपर की नहीं। नवीन जैन की संपत्ति करीब 380 करोड़ है। इस पर प्रशासन के अधिकारियों ने लखनऊ बात की। वहां से सॉफ्टवेयर को अपडेट कराया गया। इसके बाद नवीन जैन की संपत्ति कम्प्यूटर में दर्ज हो पाई।

इतनी है भाजपा प्रत्याशी की संपत्ति
नाम- नवीन जैन  
शैक्षिक योग्यता - स्नातक
व्यवसाय - कोल्ड स्टोरेज, कंस्ट्रक्शन
चल संपत्ति - 3.79 अरब रुपए
- नकद स्वयं के पास 8.36 लाख
- पत्नी रेनू जैन के पास 5.67 लाख
- आश्रितों के पास 21 लाख  
- बैंक और वित्तीय संस्थानों में जमा 1.12 करोड़
- पत्नी के पास 53 लाख
- आश्रितों के पास 73 लाख  
- एल.आई.सी. व अन्य स्वयं के पास 1 करोड़, पत्नी के पास 27 लाख। 
- कुल जेवरात, अन्य संपत्ति 3 अरब रुपए  
- कुल अचल संपत्ति 30 करोड़ रुपए