झारखंड को मिली बड़ी सौगात, स्मार्ट सिटी के क्रियान्वयन में हासिल किया पहला स्थान

punjabkesari.in Saturday, Dec 23, 2017 - 01:18 PM (IST)

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को होटल रेडिशन ब्लू में उच्च शिक्षा और कौशल विकास विभाग द्वारा आयोजित इम्पलॉयर कॉन्कलेव में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य को एक बहुत बड़ी सौगात मिली है। झारखंड स्मार्ट सिटी के क्रियान्वयन में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि हम मिलकर राज्य को स्वच्छ और विकसित बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि राज्य में मेड इन झारखंड पर जोर देने की जरुरत है। सीएम ने कहा कि हमारे राज्य का शहद देश-विदेश में बिकेगा। इसके द्वारा राज्य के गरीब भाई-बहनों को फायदा होगा और उनकी आमदनी भी बढ़ेगी।

रघुवर दास ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही स्किल पॉलिसी लाएगी। इसके लिए सरकार कंपनियों के साथ लंबे समय का एमओयू साइन करेगी। इसके साथ-साथ मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वस्तरीय ट्रेनिंग के लिए रांची में 60 करोड़ की लागत और सिंगापुर की कंपनी आईटीई की सहायता से विश्वस्तरीय कौशल विकास केंद्र की भी स्थापना की जा रही है।