सपा, बसपा और कांग्रेस प्रधानमंत्री को पछाड़ने की जुगत में: केशव मौर्य

punjabkesari.in Tuesday, Nov 28, 2017 - 10:04 AM (IST)

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा, बसपा और कांग्रेस को एजेंडा विहीन दल करार दिया। उन्होंने कहा कि इन दलों की तिकड़ी केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पछाड़ने की कोशिश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार मौर्य ने नगरीय निकाय चुनाव सम्बन्धी एक जनसभा में सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन तीनों पार्टियों के पास कोई एजेंडा नहीं है। जनाधार खो चुके इन दलों की तिकड़ी केवल दुनिया के सबसे मजबूत नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पीछे करने की कोशिश में लगी है। मगर उसके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारो में अपराधियों के हौसले बुलंद थे। पुलिस उन पर कार्रवाई करने से डरती थी, लेकिन भाजपा के शासन में अगर अपराधी तत्व पुलिस पर गोली चलाएंगे तो पुलिस उन पर फूल नही बरसाएगी, बल्कि गोली का जवाब गोली से देगी।

मौर्य ने कहा कि राज्य सरकार सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के लिए सरकारी खजाना खोल देगी। नगर पालिका क्षेत्रों को इस कदर विकास किया जाएगा कि महानगरों में रहने वाले लोग भी वहीं रहना पसंद करने लगेंगे। उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन भू-माफियाओं ने सरकारी जमीनों पर कब्जा करके इमारतें खड़ी की हैं उन पर राज्य सरकार बुल्डोजर चलाने में नहीं हिचकेगी। यदि गरीब आदमी किसी प्रकार से सरकारी जमीन पर काबिज है तो उसके घर का इंतजाम करने के बाद ही उसके अतिक्रमण को हटाया जाएगा।