जौनपुर में पेड़ से जा टकराई तेज रफ्तार कार, 3 की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Saturday, Nov 25, 2017 - 11:39 AM (IST)

जौनपुर: उत्तर प्रदेश में जौनपुर के केराकत क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई तथा 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार मखदूमपुर गांव निवासी 5 लोग शुक्रवार रात कार से जा रहे थे। इस बीच मोढ़ैला-थानागद्दी मार्ग के असमान पट्टी गांव के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे शीशम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पेड़ बीच से फट गया। क्षतिग्रस्त कार उसी पेड़ में फंस गई।

जेसीबी की मदद से कार को पेड़ से अलग किया गया। इस हादसे में सुभाष यादव (45), संदीप (34) तथा मुन्नू की मौके पर ही मौत हो गई तथा 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।