हाशिए पर BJP के दो बड़े नेता: दिल्ली में आडवाणी, दून में महाराज

punjabkesari.in Thursday, Jan 18, 2018 - 04:52 PM (IST)

देहरादून/ब्यूरो। वक्त और सियासत किसी के सगे नहीं होते। यह बात दून से लेकर दिल्ली तक या कहें दिल्ली से दून तक प्रमाणित हो रही है। जहां दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के पितामह समझे जाने वाले लाल कृष्ण आडवाणी नेपथ्य में जा चुके हैं। वहीं उत्तराखंड में कांग्रेस से भाजपा में आए सतपाल महाराज भी परदे के पीछे से झांकते नजर आ रहे हैं।

 

उत्तराखंड में सत्तारूढ़ दल में राजनीतिक पैतरेबाजी का आलम यह है कि कांग्रेस के नेता उस पर कटाक्ष करने लगे हैं। बृहस्पतिवार को राजपुर रोड स्थिति प्रदेश कांग्रेस भवन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी सतपाल महाराज को चुटकी काट ही ली।

 

प्रेस कांफ्रेंस में वह बेबाक बोले कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कोई भी लालकृष्ण आडवाणी को नहीं पूछता है। हमारे महाराज को भी यहां भाजपा में कोई नहीं पूछ रहा है। इसी के बाद राजनीति हलकों में यह किस्सा सुनाया जा रहा है कि हाशिए पर दो, दिल्ली में आडवाणी और दून में महाराज।