विश्व मृदा दिवस का हुआ आयोजन, किसानों में बांटे गए मृदा स्वास्थ्य कार्ड

punjabkesari.in Tuesday, Dec 05, 2017 - 05:36 PM (IST)

बागेश्वर(जगदीश उपाध्याय): बागेश्वर के कृषि विज्ञान केन्द्र में मंगलवार को विश्व मृदा दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर किसानों को कृषि की उन्नत तकनीक की जानकारी देने के साथ उन्हें मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए।

कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित विश्व ​मृदा दिवस कार्यक्रम में 200 से अधिक किसानों ने भाग लिया। किसानों को कृषि वैज्ञानिकों ने खेती की उन्नत तकनीक की जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने बताया कि किसान परंपरागत तकनीक को छोड़कर नई तकनीक और उपकरणों के प्रयोग से अपने उत्पादन को बढ़ा सकते हैं, जिससे उनका आर्थिक स्तर भी सुधरेगा। 

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने ट्वीट करते हुए कहा कि विश्व मृदा दिवस पर अधिक से अधिक किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता और उसके परीक्षण के बारे में जागरुक करने की जरूरत है। प्रदेश के कुल 9 लाख 12 हजार किसानों में से अब तक 7 लाख 65 हजार किसानों के मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी हो चुके हैं।