UP में कानून व्यवस्था ध्वस्त, नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें अखिलेश: मायावती

punjabkesari.in Monday, Aug 01, 2016 - 01:47 PM (IST)

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने उत्तरप्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए राज्य के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के इस्तीफे की मांग की।

मायावती ने संसद भवन में संवाददाताओं से कहा कि बुलंदशहर की दुष्कर्म की घटना से यह साबित हो गया है कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। उन्होंने कहा कि इस घटना से साफ जाहिर हो गया कि उत्तरप्रदेश में कानून का राज नहीं, जंगल राज चल रहा है। बसपा प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस जघन्य घटना की जिम्मेदारी लेते हुए नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव से उत्तरप्रदेश नहीं संभाला जा रहा है तो बेहतर होगा कि उन्हें मुख्यमंत्री के पद से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। यह मेरी सलाह है। मायावती बुलंदशहर में शुक्रवार रात को राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक महिला और उसकी बेटी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रही थी।