CBI से बचने के लिए रामगोपाल ने BJP से हाथ मिलाया: शिवपाल यादव

punjabkesari.in Sunday, Oct 23, 2016 - 03:58 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार से आज बर्खास्त किए गए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने इस कार्रवाई के बाद कहा कि उन्हें बर्खास्तगी की चिंता नहीं है। सपा के सभी लोग धैर्य से काम करते हुए सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में अगली सरकार बनाने के लिए चुनाव मैदान में जाएंगे। अपने भतीजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा बर्खास्त किए गए शिवपाल ने अपने खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें बर्खास्तगी की कोई चिंता नहीं है। अब तो चुनाव सामने है और सपा के समर्पित कार्यकर्त्ता पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में जाएंगे। 

नेताजी के नेतृत्व में 2017 में सरकार बनाएंगे
मुख्यमंत्री अखिलेश को स्पष्ट संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जनता हमारे साथ है। हम फिर से नेताजी के नेतृत्व में 2017 में सरकार बनाएंगे। सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव द्वारा कल बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक में कोई बड़ा फैसला हो सकता है। शिवपाल ने किसी का नाम लिए बगैर आरोप लगाया कि सीबीआई जांच से बचने के लिए बड़े नेता भाजपा से मिल गए हैं। अखिलेश उनकी चाल नहीं समझ पा रहे हैं। माना जा रहा है कि उनका इशारा सपा के राष्ट्रीय महासचिव और अखिलेश के हिमायती रामगोपाल यादव की तरफ है। नोएडा के पूर्व मुख्य अभियंता यादव सिंह द्वारा करोड़ों रूपए के घोटाला प्रकरण के छींटे रामगोपाल पर भी पड़े थे। फिलहाल सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।

शिवपाल यादव समेत 4 मंत्रियों को किया बर्खास्त 
मालूम हो कि समाजवादी परिवार में चाचा-भतीजे के बीच जारी वर्चस्व की लड़ाई में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने चाचा वरिष्ठ काबीना मंत्री शिवपाल यादव समेत 4 मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया। राज्यपाल राम नाईक ने मुख्यमंत्री की सिफारिश पर मंत्री शिवपाल सिंह यादव, नारद राय, आेम प्रकाश सिंह तथा स्वतंत्र प्रभार की राज्यमंत्री सैयदा शादाब फातिमा को पद से बर्खास्त कर दिया है। मुख्यमंत्री ने शिवपाल और अपने बीच जारी जंग को नया रूप देते हुए यह कदम एेसे वक्त उठाया है जब सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव सोमवार को सपा विधायकों, मंत्रियों और विधान परिषद सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं।

Up Hindi News की अन्य खबरें पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें