अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल सहित 4 विरोधी मंत्रियों को कैबिनेट से निकाला

punjabkesari.in Sunday, Oct 23, 2016 - 12:59 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने चाचा और सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव समेत 4 मंत्रियों को आज मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया। यादव के साथ बर्खास्त होने वाले मंत्रियों में पर्यटनमंत्री ओमप्रकाश सिंह, महिला कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शादाब फातिमा और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री नारद राय शामिल हैं। 

अमर सिंह की खास जयाप्रदा को हटाया
इन चारो मंत्रियों के साथ ही फिल्म विकास परिषद की अध्यक्ष और अमर सिंह की खास जयाप्रदा को भी मुख्यमंत्री ने हटा दिया है। परिवहन मंत्री गायत्री प्रजापति और खनन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मूलचन्द्र चौहान को भी हटाए जाने की सूचना है, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। चौहान को अमर सिंह का नजदीकी माना जाता है जबकि प्रजापति मुलायम सिंह यादव के खास हैं।

मुलायम सिंह यादव के घर बैठक शुरू
तेजी से हुए इन घटनाक्रमों के बाद मुलायम सिंह यादव के घर बैठक शुरु हो गई है जिसमें शिवपाल सिंह यादव और कई अन्य नेता शामिल हैं। मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश यादव को हटाकर शिवपाल सिंह यादव को जब पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया था तो मुख्यमंत्री ने उनके सभी विभाग छीन लिए थे हालांकि बाद में लोक निर्माण विभाग छोड़ अन्य वापस कर दिए थे। 

नहीं बख्शे जाएंगे अमर सिंह का साथ देने वाले 
समाजवादी पार्टी(सपा) में चल रहे घमासान के बीच मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दो टूक कहा कि जो लोग अमर सिंह के साथ हैं वह न तो पार्टी में रहेंगे और न ही मंत्रिमंडल में। मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई विधायकों की बैठक में से निकलकर विधान परिषद सदस्य संतोष यादव उर्फ सनी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बैठक में स्पष्ट कह दिया है कि जो लोग अमर सिंह के साथ हैं वह न तो पार्टी में रहेंगे और न ही उनके मंत्रिमंडल में।

मुलायम सिंह यादव पार्टी के अध्यक्ष हैं
सनी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि पार्टी के सभी युवा पांच नवम्बर को आयोजित समाजवादी पार्टी (सपा) के रजत जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे। मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन 23 नवम्बर को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया जाएगा। सनी के अनुसार मुख्यमंत्री ने दोहराया कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) पार्टी के अध्यक्ष हैं। पूरी पार्टी उनके नेतृत्व में आगे बढेगी, लेकिन अमर सिंह को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सनी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि पार्टी एकजुट है और रहेगी। अमर सिंह का साथ देने वाले मंत्री हटाए जाएंगे।

Up Hindi News की अन्य खबरें पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें