अब इस मिस्ड कॉल से ही हो जाएंगे सारे काम, जानने के लिए पढ़ें ये खबर (Pics)

punjabkesari.in Tuesday, Apr 12, 2016 - 11:34 AM (IST)

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक होनहार युवक सुबूर ने एक ऐसी डिवाइस बनाई है। जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। इस डिवाइस पर सिर्फ एक मिस्ड कॉल करके आप स्टार्ट कर सकते हैं और दूसरी मिस्ड कॉल करके उस डिवाइस से चलने वाले बिजली के सारे उपकरणों को बंद भी कर सकते हैं। 

जानकारी के अनुसार इस डिवाइस को बनाने वाला सुबूर केवल 12वीं पास है। उसने देश के युवाओं के सामने इलेक्ट्रिक डिवाइस बनाकर एक मिसाल पेश की है। सुबूर का कहना है कि जब वह सुबह मार्निंग वॉक के लिए जाता था तो उसने देखा की स्ट्रीट लाइटें दिन में भी जलती रहती थी। इन लाइटों को जलता देख उसके दिमाग में आइडिया आया कि अगर इनको बंद करने का कोई डिवाइस होता तो कितना अच्छा होता। 

सुबूर का कहना है कि इस डिवाइस को बनाने में उसे थोड़ी मुश्किल हुई लेकिन उसने उसका समाधान ढूंढ़ कर ही चैन की सांस ली। सुबूर ने सबसे पहले इस डिवाइस का प्रयोग अपने घर में चलने वाले उपकरणों पर किया। उसने सारे उपकरणों को इस डिवाइस से जोड़ दिया। अब बस एक मिस्ड कॉल से मोटर चलने लगती है, नल में पानी आ जाता है और सीएफएल भी जलने लगती हैं। सुबूर की इस डिवाइस से उसके घरवाले बहुत खुश हैं। 

आपको बता दें कि यह डिवाइस एक मोबाइल से जुड़ी छोटी सी मशीन है। इस डिवाइस से बड़े-बड़े कामों को एक मिस्ड कॉल के जरिए आसानी से कर सकते हैं। इसका उपयोग बड़ी बड़ी फैक्टरियों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को स्टार्ट करने और बंद करने में किया जा सकता है। अब इस अविष्कार को मेक इन इंडिया तक पहुचाने की कोशिश की जा रही है।