कांशीराम की मृत्यु सवालों के घेरे में, अखिलेश कराएं CBI जांच: मौर्य

punjabkesari.in Wednesday, Oct 12, 2016 - 08:34 AM (IST)

लखनऊ: भाजपा ने बसपा के संस्थापक कांशीराम की मृत्यु के कारणों पर सवाल खड़ा करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से इसकी जांच सी.बी.आई. से जांच कराने की मांग की है।

अखिलेश कराएं CBI जांच
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कांशीराम की मौत आज भी सवालों में है। भाजपा की मांग है कि अखिलेश सरकार सी.बी.आई. जांच कराकर सच्चाई सामने लाए।

मायावती पर साधा निशाना
मौर्य ने कहा कि मायावती ने बाबा साहेब भीमराव अम्बेदकर और कांशीराम के सपनों को धत्ता बता दिया है। अब वह दलित वोटों की सौदागर बन गई हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बागपत में कल 5 लोगों की हत्या हो गई। इसमें 2 पुलिसकर्मी थे। प्रतापगढ़ में मारे गए पुलिस उपाधीक्षक जिया-उल-हक की तरह दोनों सिपाहियों के परिजनों को नौकरी और मुआवजा दिया जाना चाहिए।

गांधी के खून की दलाली संबंधी बयान की आलोचना की
भाजपा नेता ने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक करने वाली भारतीय सेना बहादुर है। सेना की बहादुरी पर कांग्रेस और सपा सतही राजनीति कर रही हैं। जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खून की दलाली संबंधी बयान की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस बयान पर गांधी का बचाव किया है। लगता है कि दोनों को ही आतंकवादियों से मोह है। 

मौर्य ने कहा कि आम जनता समझ चुकी है कि यादव और गांधी खोटे सिक्के के दो पहलू हैं। गांधी ने ऐसा बयान देकर सेना के मनोबल को तोड़ने का प्रयास किया है।