नसीमुद्दीन खुद CM बनने के फिराक में, इसलिए कर रहे हैं मुस्लिम धार्मिक ग्रन्थों का जिक्र: भाजपा

punjabkesari.in Thursday, Oct 20, 2016 - 06:33 PM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी 2017 में खुद मुख्यमंत्री बनने के फिराक में हैं इसीलिए चुनावी सभाओं में वह मुस्लिम धार्मिक ग्रन्थों का खूब जिक्र कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वैसे तो विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है लेकिन सिद्दीकी को लग रहा है कि उनकी पार्टी भी सत्ता में आ सकती है और इसीलिए वह धार्मिक ग्रन्थों का सहारा लेकर भाषण दे रहे हैं ताकि मुख्यमंत्री बन सकें, हालांकि उनकी यह सोच मुंगेरी लाल के हसीन सपने जैसा है। 

सपा पर साधा निशाना
मौर्य ने सपा पर निशाना साधते कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार जनता की गाढी कमाई का लगातार दुरुपयोग कर रही है। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बांटे गये खाद्यान्न के थैले पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का चित्र अनुचित है। इस तत्काल हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कटाक्ष किया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जब परिवार नहीं संभाल पा रहे हैं तो प्रदेश क्या संभालेंगे उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। खराब कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने राज्य के पिछडेपन के लिए मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव और सुश्री मायावती को जिम्मेदार ठहराया। 

बसपा के रहते यूपी में कानून व्यवस्था ठीक नहीं रह सकता
भाजपा नेता ने दावा किया कि सपा और बसपा के रहते उत्तर प्रदेश का विकास और कानून व्यवस्था ठीक रह ही नहीं सकता। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि वे सपा के पदाधिकारी बनकर काम न करें। निष्पक्षता नहीं होने की वजह से दुर्गा प्रतिमाओं के विर्सजन में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गयी। भाजपा ने इसे गम्भीर से लिया है। निष्पक्ष नहीं रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ समय आने पर कार्रवाई की जायेगी।  

चुनाव में जनता मायावती को चटाएगी धूल
उन्होंने कहा कि बसपा अध्यक्ष मायावती भी उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने के सपने देख रही हैं। चुनाव में जनता उन्हें धूल चटाएगी। भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सर्वे और कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर चुनाव में टिकट देगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि रीता बहुगुणा जोशी के शामिल होने से भाजपा का परिवार बढा है। इससे पार्टी को ताकत मिलेगी। इससे पहले मौर्य ने राज्य विधान परिषद के निर्दलीय सदस्य चंचल सिंह, पूर्व आईपीएस अधिकारी लालजी शुक्ला, पूर्व विधायक लल्ला सिंह तथा फैजाबाद जिला पंचायत के पूर्व सदस्य गिरीश उर्फ डिप्पुल पाण्डेय को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।