हवाई किले बनाने से बाज आए सपा : कांग्रेस

punjabkesari.in Saturday, Dec 05, 2015 - 09:59 AM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस ने आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अपने पिता मुलायम सिंह यादव को प्रधानमंत्री तथा पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को उपप्रधानमंत्री बनाए जाने की स्थिति में कांग्रेस से गठबंधन के लिए तैयार होने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्षेत्रीय दलों के क्षत्रपों को हवा में गांठ लगाने से बाज आना चाहिए। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुरेन्द्र राजपूत ने यहां एक बयान में कहा कि बार-बार गठबंधन या महागठबंधन का नाम लेकर सपा अपना कौन सा हित साधना चाहती है, यह समझ से परे है।

पार्टी के प्रान्तीय अध्यक्ष निर्मल खत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी पार्टी वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव अपने बलबूते पर लड़ेगी। इसके बाद सारे भ्रम दूर हो जाने चाहिए। क्षेत्रीय दलों के क्षत्रपों को हवा में गांठ बांधने से बाज आना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में 10 करोड़ से ज्यादा वोट हासिल किए थे। यह बात अपने राज्य की सीमाआें में सिमटे प्रदेश के सारे दलों को याद रखनी चाहिए। बिहार विधानसभा चुनाव ने उत्तर प्रदेश के सभी क्षेत्रीय दलों को आईना दिखा दिया है।

मालूम हो कि दिल्ली में आज आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के साथ अपने ‘अच्छे’ निजी संबंधों को कांग्रेस के साथ राजनीतिक स्तर पर ले जाने की संभावनाआें के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा था ‘‘मैं यह भी चाहता हूं कि नेताजी (मुलायम) के सपने पूरे हों और मैं उनके लिए काम करूं। वह प्रधानमंत्री बनें और वह (कार्यक्रम में मौजूद रहे राहुल की आेर इशारा करते हुए) उप प्रधानमंत्री। मेरी इस पर सहमति है और अगर यह स्वीकार्य हो तो मैं अभी गठबंधन करने को तैयार हूं।’’